1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. घट एवं ज्योत स्थापना के साथ देवी धाम सलकनपुर में चैत्र नवरात्रि श्रद्धा-भक्ति के साथ शुरू

घट एवं ज्योत स्थापना के साथ देवी धाम सलकनपुर में चैत्र नवरात्रि श्रद्धा-भक्ति के साथ शुरू

नवरात्रि के पहले दिन सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। आगामी दिनों में भी भक्तों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए मंदिर समिति द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं।

By: Naredra 
Updated:
घट एवं ज्योत स्थापना के साथ देवी धाम सलकनपुर में चैत्र नवरात्रि श्रद्धा-भक्ति के साथ शुरू

सीहोरः मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ विजयासन देवी मंदिर सलकनपुर में चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व आज से श्रद्धा और भक्ति के माहौल में प्रारंभ हो गया। बुधनी विधानसभा क्षेत्र में स्थित यह दिव्य धाम हर वर्ष लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बना रहता है।

आज सुबह 10:47 बजे शुभ मुहूर्त में विधि-विधान के साथ घट स्थापना एवं ज्योति स्थापना की गई, जिसके साथ ही नौ दिवसीय नवरात्रि पर्व का शुभारंभ हुआ। यह पर्व 27 मार्च को राम नवमी के दिन संपन्न होगा।

नवरात्रि के प्रथम दिन सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। आगामी दिनों में भी भक्तों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना जताई जा रही है। गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए मंदिर समिति द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, छांव, तथा परिक्रमा मार्ग पर कारपेट बिछाने जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि दर्शन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सैकड़ों पुलिसकर्मी एवं प्रशासनिक अधिकारी तैनात किए गए हैं, जिससे व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।

मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालु लगभग 1400 सीढ़ियों का मार्ग तय कर सकते हैं। इसके अलावा रोपवे और सड़क मार्ग की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं, जिससे हर आयु वर्ग के भक्त आसानी से माता के दर्शन कर सकें। कुल मिलाकर भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के इस महापर्व के दौरान सलकनपुर एक बार फिर आस्था के रंग में रंगने को तैयार है।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...