शाहरुख खान के जन्मदिन के खास मौके न केवल भारत से बल्कि दुबई से भी किंग खान को ढेर सारा प्यार मिला। दरअसल, शाहरुख खान के 55वें जन्मदिन पर दुबई का बुर्ज खलीफा भी उनके रंग में रंगा नजर आया। दुनिया की सबसे ऊंची इमारत ने भी शानदार अंदाज में शाहरुख खान को उनके जन्मदिन की बधाइयां दीं।
इतना ही नहीं, बुर्ज खलीफा पर शाहरुख खान की कई तस्वीरें भी दिखाई गई। इससे जुड़े फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं। अपने रंग में बुर्ज खलीफा को रंगा देख खुद शाहरुख खान भी खुशी से झूम उठे। शाहरुख खान फिलहाल दुबई में हैं और वहीं उन्होंने अपना जन्मदिन परिवारवालों के साथ सेलिब्रेट किया। इस मौके पर दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा शाहरुख खान के नाम और तस्वीर से रोशन नजर आई।

शाहरुख ने इस नजारे की शानदार तस्वीर अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर साझा की। वे इस दौरान वहां खुद मौजूद नजर थे। तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर कर शाहरुख ने एक इमोशनल पोस्ट लिखा।

शाहरुख ने लिखा, ‘दुनिया की सबसे बड़ी और ऊंची स्क्रीन पर खुद को देखना अच्छा लगता है। मेरे दोस्त @mohamed_alabbar ने मेरी अगली फिल्म से पहले ही मुझे सबसे बड़े पर्दे पर जगह दी है। धन्यवाद और प्यार… मेरे बच्चे बहुत प्रभावित हुए और मुझे तो इसे देखकर प्यार हो गया है।
बता दें, इस दौरान बुर्ज खलीफा पर शाहरुख खान का एक वीडियो भी प्ले किया गया. इस वीडियो में शाहरुख के सभी रोमांटिक अंदाज को दिखाया गया था। शाहरुख खान के जन्मदिन के मौके पर करण जौहर भी उनके साथ दुबई में ही मौजूद थे। करण जौहर ने भी इस वीडियो को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया है।