नई दिल्ली : दुनिया में जारी कोरोना संकट के बीच एक बार फिर अमेरिका से अंधाधुंध फायरिंग का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आपको बता दें कि इस हमले में 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग घायल हो गये है। दरअसल कैलिफोर्निया राज्य के सेन जोस शहर में बुधवार को एक सनकी आदमी ने अंधाधुंध फायरिंग करके 8 लोगों की जान ले ली। हमले में कई लोग घायल भी हुए हैं।
हालांकि इस घटना के बाद हमलावर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे एनकाउंटर में मार गिराया। बता दें कि घटना रेल यार्ड में बुधवार को हुई। पुलिस के अनुसार ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी के कर्मचारी सुबह करीब 6.15 बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद घर जाने की तैयारी में थे। उनकी जगह दूसरी स्टाफ पहुंच चुका था। तभी हमलावर ने फायरिंग कर दी। कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। पुलिस बिल्डिंग में विस्फोटक होने की आशंका के बाद सर्चिंग करती रही। स्निफर डॉग्स भी बुलाए गए। घटना के बाद सुरक्षा की दृष्टि से लोकल ट्रेन सर्विस सस्पेंड कर दी गई। पुलिस ने हमलावार की पहचान सार्वजनिक नहीं की है।
वहीं इस घटना पर सिटी मेयर सैम लिकार्डो ने इस घटना को इतिहास का काला धब्बा बताते हुए दु:ख जताया है। आपको बता दें कि इससे पहले भी अमेरिका में ऐसी ही फायरिंग हुई थी। इंडियानापोलिस में एक सनकी शख्स ने अंधाधुंध फायरिंग करके 8 लोगों की जान ले ली थी। बाद में उसने खुद को भी गोली से उड़ा लिया था। घटना 16 अप्रैल की देर रात को मिराबेल रोड 8951 स्थित फेड एक्स फैसिलिटी के पास हुई थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची, तब शूटर वहां मौजूद था। हमले में और भी कई लोग घायल हुए थे। आरोपी खुलेआम फायरिंग कर रहा था।
इससे पहले मार्च में कोलोराडो प्रांत के बॉल्डर इलाके स्थित एक सुपरमार्केट में भी ऐसी ही घटना हुई थी। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई थी। इस मामले का आरोपी पुलिस गिरफ्त में है। उसका नाम अहमद अल अलीवी अलीसा है।