शिवपुरी के देहात थाना क्षेत्र के लुधावली इलाके में मंगलवार रात एक महिला पर लाठियों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो वायरल होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता आरती प्रजापति का अपने पड़ोसी ज्योति बाल्मीक से लंबे समय से विवाद चल रहा था। मंगलवार रात करीब 10 बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर ज्योति बाल्मीक सहित 4 से 5 लोगों ने मिलकर आरती प्रजापति पर लाठियों से हमला कर दिया। इस दौरान महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मारपीट की पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है।