1. हिन्दी समाचार
  2. Burhanpur
  3. बुरहानपुर में मजदूरी के पैसे मांगने पर खूनी संघर्ष, दबंगों के हमले में तीन लोग ICU में भर्ती

बुरहानपुर में मजदूरी के पैसे मांगने पर खूनी संघर्ष, दबंगों के हमले में तीन लोग ICU में भर्ती

बुरहानपुर के लालबाग थाना क्षेत्र के ग्राम भोलाना में मजदूरी के पैसे मांगने को लेकर विवाद के बाद दबंगों ने चार लोगों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में तीन लोगों को गंभीर हालत में ICU में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

By: Nivedita 
Updated:
बुरहानपुर में मजदूरी के पैसे मांगने पर खूनी संघर्ष, दबंगों के हमले में तीन लोग ICU में भर्ती

मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले में मजदूरी के पैसे मांगना एक परिवार को भारी पड़ गया। लालबाग थाना क्षेत्र के ग्राम भोलाना में मजदूरी भुगतान को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दबंगों ने चार लोगों पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिसमें सभी घायल हो गए।

बैलों की मजदूरी के पैसे मांगने पर हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार ने आरोपियों के लिए बैलों से जुड़ा काम किया था। काम के बदले मिलने वाली मजदूरी की राशि मांगने पर विवाद शुरू हुआ। आरोप है कि पैसे देने के बजाय आरोपी गुस्से में आ गए और उन्होंने एकजुट होकर पीड़ितों पर हमला कर दिया। हमले में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

तीन घायलों को ICU में कराया गया भर्ती

घटना के बाद सभी घायलों को उपचार के लिए बुरहानपुर के निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को आईसीयू में भर्ती किया है, जहां उनका इलाज जारी है। वहीं, एक अन्य घायल का भी उपचार किया जा रहा है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी फरार

घटना की सूचना मिलने के बाद लालबाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है। हालांकि, घटना के बाद से आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।

 

परिजनों ने की आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग

घायल के परिजन माधोराम ने आरोप लगाया कि सिर्फ मजदूरी के पैसे मांगने पर उनके परिवार के साथ मारपीट की गई। उन्होंने पुलिस प्रशासन से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि आरोपियों के खुले घूमने से परिवार में डर का माहौल बना हुआ है।

गांव में तनाव, पुलिस कर रही जांच

घटना के बाद ग्राम भोलाना में तनाव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों ने भी पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, लालबाग थाना प्रभारी अमित जादौन ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस पूरे मामले की विवेचना कर रही है।

 

रिपोर्ट – राजू सिंह राठौड़

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...