ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण के विवादित बयान के बाद राजनीतिक टकराव और तेज हो गया है। भारतीय जनता पार्टी के सांसद बृजलाल ने चव्हाण के बयान को देश का अपमान बताते हुए कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला है।
मीडिया से बातचीत में भाजपा सांसद बृजलाल ने कहा- “मैं पृथ्वीराज चव्हाण के बयान की घोर निंदा करता हूँ। कांग्रेस पार्टी हमेशा से पाकिस्तानपरस्त रही है। इसके नेता विदेश जाकर भी देश का अपमान करते हैं। राहुल गांधी स्वयं विदेशी मंचों पर भारत की छवि खराब करते रहे हैं।” कांग्रेस के नेताओं की आदत बन गई है कि देश की उपलब्धियों को कमतर दिखाया जाए और दुश्मन देशों के नैरेटिव को बढ़ावा दिया जाए।
बीजेपी सांसद बृजलाल ने बताया कि वह भी उस अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे, जिसने जापान, मलेशिया, सिंगापुर सहित कई देशों का दौरा किया था। उनके अनुसार-
इन देशों ने भारत की सैन्य तकनीक और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की सराहना की।
वीडियो फुटेज में साफ दिखा है कि भारत ने पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकाने और एयरबेस तबाह कर दिए।
पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर होना पड़ा।
उन्होंने कहा कि इन वास्तविकताओं के बावजूद कांग्रेस नेता ऑपरेशन की सफलता को सवालों के घेरे में ला रहे हैं, जो देश के साहस और सेना पर चोट है।
कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा था-
ऑपरेशन सिंदूर के पहले ही दिन भारत को “करारी हार” झेलनी पड़ी।
करीब आधे घंटे की हवाई झड़प में भारत को भारी नुकसान हुआ।
चव्हाण ने आरोप लगाया कि सरकार तथ्यों को छुपा रही है और ऑपरेशन की पूरी सच्चाई देश के सामने नहीं आई है।
उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में नाराजगी और तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली।
BJP सांसद ने कहा- “कांग्रेस नेता भारत को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। देश सब देख रहा है और कांग्रेस को इसका जवाब देगा।” उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत की सैन्य क्षमता का प्रमाण है और इसे बदनाम करना किसी भी भारतीय को स्वीकार नहीं।