रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
हरियाणा : हरियाणा के सिरसा जिले में हनी ट्रैप का मामला सामने आया है । जहां इस ट्रैप मामले में भाजपा नेता फंस गए । सिरसा पुलिस के मुताबिक, गंगानगर के जवाहर नगर थाना से सोमवार रात उन्हें सूचना मिली थी कि अग्रसेन नगर से लापता राजेन्द्र छाबड़ा नामक व्यक्ति की मोबाइल फोन लोकेशन गांव घुंकावाली में आ रही है, जिसके बाद पुलिस ने तलाशी कर बस स्टैंड से उन्हें ढूंढ निकाला था, जहां वह बेहद डरे हुए थे ।
बता दें कि राजेन्द्र छाबड़ा भाजपा के जिला महामंत्री के साथ-साथ एक पेशेवर कपड़ा कारोबारी हैं । ओढां पुलिस के मुताबिक, कुछ समय पूर्व उन्होंने अपने कारोबार को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट डाली थी । जहां उनका सम्पर्क घुंकावाली निवासी एक महिला से हुआ । दोनों के बीच कई बार फोन पर बातचीत हुई । महिला ने उन्हें कपड़ा दिखाने के बहाने अपने गांव संगरिया बुला लिया । जब छाबड़ा संगरिया पहुंचे तो महिला ने उन्हें घुंकावाली का एक पता दिया, जिसके बाद वह गाड़ी लेकर सोमवार को गांव घुंकावाली पहुंचे।
पीड़ित भाजपा नेता छाबड़ा ने अपनी शिकायत में बताया कि महिला ने चाय के बहाने कमरे में बैठाकर गलत हरकतें करनी शुरू कीं और बाद में महिला का पति वहां पहुंच गया । दोनों ने उन्हें ब्लैकमेल करते हुए 10 लाख रुपये मांगे और बंधक बना लिया । छाबड़ा का कहना है कि काफी देर तक मिन्नतें करने के बाद वह लोग 2 लाख रुपये लेकर उन्हें छोड़ने पर राजी हुए । हालांकि, आरोपियों ने उनकी कार छीन ली और यह कहलवाते हुए वीडियो बनाया कि वह अपनी मर्जी से कार छोड़कर जा रहे हैं ।
जवाहर नगर पुलिस ने छाबड़ा की शिकायत पर घुंकावाली निवासी राजबाला और उसके पति बलविन्द्र उर्फ बिन्द्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है । जिसके बाद ओढां पुलिस ने आरोपी दंपत्ति की गिरफ्तारी कर ली है । पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है ।