रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले के चक सादिक खान इलाके में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का टॉप कमांडर इशफाक डार उर्फ अबू अकरम ढ़ेर कर दिया है। साल 2017 से ही दक्षिणी कश्मीर समेत घाटी में आतंकी हमलों और हत्याओं को अंजाम देने वाला ये खूंखार आतंकी घाटी के लिए सिरदर्द बन गया था।
आपको बता दें कि अबू अकरम के साथ ही इस मुठभेड़ में एक और आतंकी मारा गया है। मारे गए इन आतंकियों के पास से 2 एके-47 राइफल और आठ मैग्जीन मिली हैं। इस ऑपरेशन को सुरक्षाबलों की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया है। जिसमें जम्मू-कश्मीर पुलिस(एसओजी), सीआरपीएफ और सेना शामिल है।
राज्य के पुलिस मुखिया ने बताया कि रात भर चले अभियान में लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष आतंकवादी कमांडर इशफाक डार के साथ एक अन्य आतंकवादी माजिद इकबाल का सफाया हुआ है। अबू अकरम पुलिस कर्मियों और नागरिकों पर हमलों एवं हत्या सहित कई आतंकी अपराधों के मामलों के लिए जिम्मेदार था।
रविवार को शुरु हुए मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने इन आतंकियो को ढ़ेर किया है। आपको बता दें आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के एक टॉप कमांडर समेत दो आतंकियों के घिरे होने की सूचना मिली थी।। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान आतंकियों ने फायरिंग शुरु कर दी। इसके बाद जवानों ने मोर्चा संभाला। वहीं सुरक्षाबलों ने आतंकियों को आत्मसमर्पण करने का मौका भी दिया गया। जिसे नकारते हुए आतंकी अंधाधुंध गोलाबारी करते रहे। वहीं अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश की।
सुरक्षाबलों ने आतंकियों को रोकने के लिए जवाबी फायरिंग की तो मुठभेड़ शुरू हो गई। कुछ समय बाद ही दोनों आतंकी सुरक्षाबलों की गोलियों का निशाना बने। अबू अकरम का मारा जाना सुरक्षाबलों के लिए बड़ी सफलता है। इसने दक्षिणी कश्मीर में वह आतंकी हमलों को अंजाम देने के साथ ही वहां के युवाओं को आतंक का दामन थामने के लिए गुमराह करता था, इसके लिए कई प्रकार के लालच भी देता था।