नीमच में लोकायुक्त संगठन ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक राकेश राठौर और उत्कृष्ट बालक छात्रावास के अधीक्षक हरीश चौहान को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप की स्थिति बन गई।
लोकायुक्त को मिली शिकायत के अनुसार एक छात्रावास अधीक्षिका से विभागीय जांच में सहयोग करने और रुका हुआ वेतन जारी कराने के बदले 1 लाख 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने पूरे मामले का सत्यापन किया।
शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। तय योजना के तहत दोनों अधिकारियों को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
कार्रवाई के दौरान रिश्वत की रकम अधीक्षक हरीश चौहान के पास से बरामद की गई। लोकायुक्त टीम ने मौके पर आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

लोकायुक्त पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।