भोपाल के रासलाखेड़ी क्षेत्र में स्थित आरआरबी रीगल रियल एस्टेट प्रोजेक्ट के खिलाफ राजस्व प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। रेरा (RERA) के आदेशों के अनुपालन में कई दुकानों को कुर्क कर सील कर दिया गया है।
नायब तहसीलदार एवं कार्यपालिक मजिस्ट्रेट गोविंदपुरा के आदेश पर पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। इसमें ग्राउंड फ्लोर और प्रथम तल की कई दुकानों को कुर्क किया गया, जिनमें दुकान नंबर 3, 4, 5, 16, 17 तथा 43, 44 और 45 शामिल हैं।
प्रोजेक्ट के बिल्डर हर्षवर्धन दीक्षित पर आरोप है कि उन्होंने व्यावसायिक दुकानों के नाम पर खरीदारों से करोड़ों रुपये वसूले, लेकिन तय समय पर पजेशन नहीं दिया। इस मामले में प्रभावित खरीदारों ने रेरा में शिकायत दर्ज कराई थी।
रेरा न्यायालय के आदेश के बाद प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है। अधिकारियों का कहना है कि कोर्ट के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कुर्की और सीलिंग की कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई के बाद अन्य पीड़ित खरीदारों को भी न्याय मिलने की उम्मीद जगी है। प्रशासन का कहना है कि मामले की आगे भी निगरानी की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।