निवाडीः ऐतिहासिक नगरी ओरछा में लोक निर्माण विभाग की मुख्य अभियंता कॉन्फ्रेंस में प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने सड़क अधोसंरचना और पर्यटन विकास को लेकर बड़े निर्देश दिए। उन्होंने बबीना बाईपास से ओरछा तक सड़क मार्ग को प्रभु श्रीराम की थीम पर विकसित करने के निर्देश दिए, जिससे यह मार्ग धार्मिक और पर्यटन दृष्टि से और आकर्षक बन सके।

मंत्री श्री सिंह ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नियमित परिचर्चा बैठकों के माध्यम से विभागीय चुनौतियों और समस्याओं का समाधान संभव है, इसलिए हर दो माह में ऐसी बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में ओरछा तिगैला से ओरछा और ओरछा से पृथ्वीपुर तक सड़क को टू-लेन हाईवे में बदलने पर चर्चा हुई। साथ ही, मार्ग में अत्यधिक घुमाव को कम करने और सड़क चौड़ीकरण पर भी विचार किया गया।
कलेक्टर श्रीमती जमुना भिड़े ने जानकारी दी कि ओरछा में श्रद्धालुओं की संख्या में लगभग 20 गुना वृद्धि हुई है, जिससे बेहतर सड़क कनेक्टिविटी की आवश्यकता और बढ़ गई है। इसी के तहत बबीना बाईपास पर ओरछा के लिए अंडरपास निर्माण का प्रस्ताव भी तैयार किया जा रहा है, जिससे पर्यटकों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।
मंत्री श्री सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आधुनिक तकनीकों, पर्यावरण अनुकूल निर्माण और बेहतर समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि सड़कें केवल आवागमन का माध्यम न होकर पर्यटन अनुभव का हिस्सा बन सकें।बैठक में ग्रीन बिल्डिंग, रोड नेटवर्क प्लान, गुणवत्ता नियंत्रण, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सभी अधिकारियों ने विभाग को अधिक प्रभावी और जनोन्मुख बनाने के लिए अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
निवाड़ी से संवाददाता देवेश कुमार की रिपोर्ट