बुरहानपुर जिले के उपनगर लालबाग में सागर टावर के पास बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित होनी है। जिसे लेकर नगर नियम और जिला प्रशासन से प्रस्ताव पास कर मूर्ति स्थापित करने के लिए स्ट्रक्चर भी बना दिया गया था, लेकिन किसी कारणवश अधिकारियों ने मनमानी करते हुए स्ट्रक्चर तोड़ दिया। अब बाबा साहब की प्रतिमा दूसरी जगह स्थापित करने की बात कही जा रही है। जिसके विरोध में बाबा साहब के अनुयायी पिछले कई दिनों से धरने पर बैठे हुए हैं। बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित करने का मामला काफी उलझता हुआ दिखाई दे रहा है।
दरअसल नगर निगम और जिला प्रशासन सहित सभी अन्य विभागों द्वारा एनओसी जारी कर प्रतिमा स्थापना को लेकर कोई भी आपत्ति दर्ज नहीं है। सभी ने परमिशन जारी की है और यह परमिशन 2019 को ही जारी हो चुकी थी किंतु निगम की लापरवाही के चलते प्रतिमा स्थापित अभी तक नहीं हो पाई थी। अब निगम ने परिषद में प्रस्ताव पास कर प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। लेकिन एक युवक द्वारा इसमें आपत्ति ली गई है कि प्रतिमा से यातायात बाधित हो सकता है, इसलिए यहां प्रतिमा स्थापित ना की जाय।
इसी बात को लेकर बाबा साहब के अनुयायियों ने विरोध दर्ज कर धरना प्रदर्शन शुरू किया है। आज नगर निगम और नायब तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर समझाने की कोशिश की लेकिन बाबा साहब के अनुयायी नहीं माने। उनका कहना था कि प्रतिमा स्थापित होने के कोई यातायात बाधित नहीं हो रहा है, क्योंकि प्रतिमा चौराहे पर रहेगी दोनों ओर का यातायात सुचारू चलता रहेगा, लेकिन जातिवादी मानसिकता के चलते इस प्रकार का कार्य किया जा रहा है। जिसके चलते अधिकारियों को बैरंग वापस लौटना पड़ा। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर अगले दिन तक मामला नहीं सुलझा तो भूख हड़ताल शुरू हो जाएगी और आने वाले समय में उग्र आंदोलन किया जाएगा।