चीन के ऐंट ग्रुप द्वारा एक आईपीओ लाया जा सकता है। ऐंट ग्रुप शंघाई और हांगकांग में इस आईपीओ के माध्यम से 34 अरब डॉलर जुटा सकता है। ऐंट चीन के दिग्गज ई-कॉमर्स ग्रुप अलीबाबा से संबद्ध फाइनेंशियल टेक्नोलॉजी कंपनी है। ऐंट ने हांगकांग और शंघाई स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टिंग के लिए आवेदन दिया है।
चीन का ऐंट ग्रुप कई तरह के फाइनेंशियल प्रोडक्ट्स का परिचालन करती है। इन प्रोडक्ट्स में चीन का अलीपे डिजिटल वॉलेट भी शामिल है। यह विश्व के सबसे बड़े मनी मार्केट फंड्स में से एक है। शंघाई में कंपनी का शेयर सोमवार को 10.26 डॉलर और हांगकांग में 10.32 डॉलर पर रहा।
अलीबाबा के संस्थापक जैक मा ने कीमत का खुलासा किए बिना शनिवार को बताया कि आईपीओ की शंघाई किस्त के लिए कीमत शुक्रवार को तय की गई थी। उन्होंने शंघाई के पूर्वी वित्तीय हब में बंड समिट को बताया, ‘यह पहली बार है जब इतनी बड़ी लिस्टिंग की प्राइसिंग की गई। यह मानव इतिहास में सबसे बड़ी है, जो न्यूयॉर्क शहर के बाहर निर्धारित की गई है।’
ऐंट ग्रुप इस आईपीओ के माध्यम से 34.5 बिलियन डॉलर जुटा सकता है। इससे पहले दुनिया की दिग्गज तेल कंपनी सऊदी अरामको ने 29 अरब डॉलर की शेयर बिक्री पेशकश की थी। इस तरह ऐंट ग्रुप का आईपीओ विश्व में सबसे बड़ी शेयर बिक्री पेशकश होगी। ऐंट ग्रुप की कुल वैल्यू न्यूनतम 150 बिलियन डॉलर है। अलीबाबा ग्रुप की ऐंट में 33 फीसद हिस्सेदारी है।