1. हिन्दी समाचार
  2. बिहार
  3. Bihar : सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रमों की घोषणा, अमित शाह ने दी जानकारी

Bihar : सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रमों की घोषणा, अमित शाह ने दी जानकारी

Bihar : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरदार पटेल की 150वीं जयंती और राष्ट्रीय एकता दिवस पर होने वाले भव्य आयोजनों की जानकारी दी।उन्होंने कहा कि सरदार पटेल देश की एकता और अखंडता के प्रतीक हैं और अब हर वर्ष 31 अक्तूबर को भव्य एकता परेड आयोजित होगी।इस बार रन फॉर यूनिटी और एक भारत पर्व जैसे कार्यक्रमों से जनभागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है।

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
Bihar : सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रमों की घोषणा, अमित शाह ने दी जानकारी

बिहार की राजधानी पटना में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया, जो मुख्य रूप से 31 अक्तूबर को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस और सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती से संबंधित थी। इस अवसर पर उनके साथ केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय भी मौजूद रहे।गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि सरदार पटेल केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं, जिन्होंने देश की आजादी और एकता की नींव रखी। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल आजाद भारत के राजनीतिक, सामाजिक और सांस्कृतिक एकीकरण के महान शिल्पकार रहे हैं, जिनके योगदान के बिना भारत की एकता संभव नहीं थी।

अमित शाह ने बताया कि सरदार पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) में एक भव्य एकता परेड का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह परेड न केवल सरदार पटेल के प्रति श्रद्धांजलि होगी, बल्कि यह देश की एकता और अखंडता का प्रतीक भी बनेगी। गृह मंत्री ने यह भी घोषणा की कि अब से हर वर्ष 31 अक्तूबर को इसी तरह की भव्य परेड आयोजित की जाएगी। यह परेड सेंट्रल पैरामिलिट्री फोर्सेस और सभी राज्यों की पुलिस बलों के सम्मान में आयोजित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि गृह मंत्रालय द्वारा इस बार “रन फॉर यूनिटी” को भी बड़े स्तर पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। देशभर के राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों, जिलों, पुलिस स्टेशनों, स्कूलों और विश्वविद्यालयों में इस दौड़ का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य हर नागरिक में एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गर्व की भावना को सशक्त बनाना है।

अमित शाह ने यह भी जानकारी दी कि इस वर्ष 150वीं जयंती के अवसर पर “एक भारत पर्व” का आयोजन एकता नगर में किया जा रहा है। यह पर्व 1 नवंबर से 15 नवंबर तक चलेगा, जो भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर एक भव्य जनजातीय सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ समाप्त होगा।

गृह मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल के विचार और उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे राष्ट्रीय एकता दिवस पर एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना के साथ देश की एकता और अखंडता के लिए शपथ लें।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...