गोपालगंज। आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले गोपालगंज शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शुक्रवार को बिहार के कृषि मंत्री और गोपालगंज के जिला प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा एक दिवसीय दौरे पर जिले में पहुंचे। इस दौरान उन्होंने तिरंगा यात्रा में शामिल होकर लोगों के साथ देशभक्ति और राष्ट्र प्रथम का संदेश दिया।
तिरंगे के साथ निकली यात्रा
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर युवाओं और आम लोगों ने राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ पूरे उत्साह से यात्रा में भाग लिया। भारत माता के जयकारों से शहर का माहौल देशभक्ति से सराबोर नजर आया।
विकास कार्यों और बाढ़-सुखाड़ की तैयारियों की होगी समीक्षा
तिरंगा यात्रा के बाद कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा समाहरणालय में आयोजित बैठक में शामिल होंगे। बैठक में जिले में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही बाढ़ और सुखाड़ से निपटने की तैयारियों पर भी चर्चा होगी।मंत्री स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
‘तिरंगा पूरे देश की सामूहिक पहचान’
तिरंगा यात्रा के दौरान कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि तिरंगा देश के हर नागरिक के स्वाभिमान, सम्मान और सामूहिक पहचान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से नई पीढ़ी और युवाओं में ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि जब बात राष्ट्र की आती है तो तिरंगे के सामने न राजनीति होती है, न परिवारवाद और न व्यक्तिवाद। तिरंगा पूरे देश की सामूहिक पहचान और स्वाभिमान का प्रतीक है।
कृषि मंत्री ने लोगों से तिरंगा यात्रा में बढ़-चढ़कर शामिल होने और स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व को उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाने की अपील की। गोपालगंज में स्वतंत्रता दिवस से पहले निकली तिरंगा यात्रा ने शहर में राष्ट्रभक्ति का उत्साह और बढ़ा दिया। यात्रा में युवाओं और आम लोगों की बड़ी भागीदारी ने राष्ट्रीय पर्व को लेकर लोगों के उत्साह को भी प्रदर्शित किया।