बैतूलः जिले के आठनेर में स्थित इंग्लिश मीडियम प्रिंस चाइल्ड स्कूल में वार्षिकोत्सव मनाया गया। स्कूल का वार्षिकोत्सव इस बार खास बन गया, जब मंच पर शिक्षा के साथ संस्कारों की अनोखी झलक देखने को मिली। कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता रही कि स्कूल प्रबंधन ने लोकतंत्र के चौथे स्तंभ यानी पत्रकारों को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित कर उनका सम्मान किया, जो आमतौर पर कम ही देखने को मिलता है।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थापक शशिभूषण जायसवाल, संचालक राजकुमार जायसवाल और उपस्थित पत्रकारों द्वारा भगवान श्री गणेश एवं मां सरस्वती की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद नन्हे बच्चों ने पारंपरिक तरीके से अतिथियों का स्वागत कर भारतीय संस्कृति और सभ्यता की सुंदर झलक पेश की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के अध्यक्ष विजय गायकवाड़ ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों की प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम होते हैं। उन्होंने कहा कि अंग्रेजी शिक्षा जरूरी है, लेकिन अपनी संस्कृति और सभ्यता को जीवंत रखना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर पत्रकार, शिक्षक, पालकगण और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की।