जबलपुर में मध्यप्रदेश की पहली सफल रोबोटिक प्रोस्टेट सर्जरी ने चिकित्सा क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है। यूरोलॉजिस्ट एवं रोबोटिक सर्जन डॉ. प्रणल सहारे के कुशल नेतृत्व में संपन्न इस ऐतिहासिक ऑपरेशन से अब प्रदेश के मरीजों को प्रोस्टेट कैंसर के इलाज के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
अत्याधुनिक रोबोटिक तकनीक से की गई इस सर्जरी में छोटे-छोटे चीरे, कम रक्तस्राव, कम दर्द और तेज रिकवरी जैसी कई सुविधाएं मिलती हैं, जिससे मरीज 3 से 5 दिन में ही अस्पताल से छुट्टी पा सकते हैं और 2 से 3 सप्ताह में सामान्य जीवन में लौट सकते हैं।
इस तकनीक की खासियत यह भी है कि सर्जरी के दौरान आसपास की नसों को सुरक्षित रखा जाता है, जिससे यौन क्षमता और पेशाब नियंत्रण पर न्यूनतम प्रभाव पड़ता है। इस उपलब्धि के साथ मध्यप्रदेश उन चुनिंदा राज्यों में शामिल हो गया है जहां प्रोस्टेट कैंसर का रोबोटिक उपचार संभव है।
प्रेसवार्ता में वरिष्ठ रोबोटिक सर्जन डॉ. गणेश गोरथी सहित अस्पताल प्रबंधन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।