रिपोर्ट: सत्यम दुबे
सीतामढ़ी: बिहार के सीतामढ़ी से वारदात की ऐसी घटना सामने आई है, जिसे जानकर आप भी दंग रह जायेंगे। आपको बता दें कि बच्चों का झगड़ा इतना भयंकर हो गया कि एक युवक की जान चली गई। मिली जानकारी के अनुसार जिले के नगर थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर पांच स्थित मंडल नगर में बच्चो के बीच कांच की गोली का खेल हो रहा था। इसी दौरान दो बच्चो के बीच दो रुपये के लिए झगड़ा शुरु हो गया।
झगड़े की जानकारी जब बच्चों के परिजनों को हुई, तो मामला बढ़ गया। वहां लाठी डंडे और चाकू चलने लगे। इसी दौरान विक्की कुमार नामक युवक को चाकू लग गया, जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन मे विक्की को सीतामढ़ी सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात की जानकारी जैसे ही पुलिस को हुई तो मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोर्टमार्टम के बाद शव को परिजनो को सौंप दिया गया। पुलिस ने आरोपियों के घर में तलाशी ली है। मामले में नगर थाना पुलिस के इंस्पेक्टर जे.के. सिंह के मुताबिक मृतक के शरीर पर चाकू के गहरे निशान हैं। पुलिस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है। पुलिस का कहना है कि शेष बचे आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द कर ली जायेगी।