बैतूलः पश्चिम वन मंडल बैतूल अंतर्गत सांवलीगढ़ रेंज में इन दिनों भ्रष्टाचार अपने चरम पर नजर आ रहा है। नगर वन योजना के तहत किए जा रहे निर्माण कार्यों में भारी अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं। सिताडोंगरी सर्किल में करीब दो करोड़ की लागत से बन रहे नगर वन में गुणवत्ता की खुली अनदेखी की जा रही है। मौके पर चल रहे तार फेंसिंग कार्य में गड्ढे मापदंड के अनुसार नहीं खोदे जा रहे हैं।
वहीं कंक्रीट निर्माण में भी गंभीर लापरवाही सामने आई है, जहां लोहे के एंगल में पत्थर भरकर औपचारिकता निभाई जा रही है। आरोप है कि रेंजर और डिप्टी की मिलीभगत से मजदूरों के नाम पर फर्जी भुगतान कर राशि का दुरुपयोग किया जा रहा है।
नियमों के अनुसार कार्य स्थल पर सूचना बोर्ड लगाना अनिवार्य होता है, लेकिन यहां पारदर्शिता पूरी तरह गायब है। हैरानी की बात यह है कि अधिकारियों की निगरानी के दावों के बावजूद अनियमितताएं लगातार जारी हैं। सूत्रों के मुताबिक उच्च अधिकारियों के संरक्षण के चलते ही यह खेल बेखौफ जारी है।