बड़वानीः श्रीराम नवमी महापर्व के अवसर पर अंजड़ नाका स्थित श्री सांई शनैश्वर पशुपतिनाथ मंदिर द्वारा आयोजित भव्य कार्यक्रम के तहत गुरुवार को शहर में आस्था और भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। माँ गायत्री मंदिर से शाम 5 बजे भगवान श्रीराम दरबार की शोभायात्रा एवं श्री साईं बाबा की पालकी यात्रा बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ निकाली गई।
पालकी यात्रा में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। पूरा शहर जय श्रीराम और साईं बाबा के जयकारों से गूंज उठा। आकर्षक झांकियां, ढोल-नगाड़ों की थाप, स्पेशल बैंड और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। भगवान श्रीराम की भव्य झांकी, साईं बाबा की चावड़ी, रुक्मिणी-विट्ठल रास, बाहुबली हनुमान प्रस्तुति, अघोरी शिव नृत्य, आदिवासी नृत्य और राजस्थान का कठपुतली नृत्य विशेष आकर्षण रहे।
यात्रा मार्ग पर विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक संगठनों द्वारा जगह-जगह भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं के लिए शीतल जल, कुल्फी, शरबत, आइसक्रीम, कचोरी, नींबू पानी और आम जूस की सेवा की गई।
माँ गायत्री मंदिर से प्रारंभ होकर रानीपुरा, जैन मंदिर, रणजीत चौक, एमजी रोड, कारंजा चौराहा होते हुए अंजड़ नाका स्थित मंदिर तक यात्रा निकाली गई।
आज सुबह 7:30 बजे अभिषेक पूजन एवं श्रीराम महायज्ञ का आयोजन हुआ। पूर्णाहुति के बाद महाआरती एवं विशाल भंडारे का आयोजन हो रहा है।
बड़वानी से लोकेश दावदे की रिपोर्ट