सीहोरः प्रसिद्ध माँ विजयासन धाम सलकनपुर में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर सप्तमी तिथि पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। मंदिर परिसर में रात्रि को विधि-विधान के साथ हवन पूजन संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
सुबह के समय मंदिर पुजारी द्वारा ज्वारों का विधिवत विसर्जन भी किया गया। माता के जयकारों और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ इस परंपरा का निर्वहन किया।
नवरात्रि के चलते धाम में दूर-दराज से श्रद्धालुओं का लगातार आगमन बना हुआ है। मंदिर परिसर में दर्शन के लिए लंबी कतारें देखी जा रही हैं, वहीं प्रशासन द्वारा भी श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना हुआ है और हर ओर माता रानी के जयकारे गूंज रहे हैं।