नई दिल्ली : चोर, चोर, चोर मचाये शोर, लेकिन यहां शोर नहीं हम सब चोर हैं…, जी हां ये हम नहीं कह रहें। यह कह रहा है, मुंबई की यह घटना, जिसके परिवार के अधिकतर सदस्य चोर है। पुलिस के मुताबिक इस परिवार ने कम से कम 50 चोरियों को अंजाम दिया है। जो सिर्फ मुंबई ही नहीं बल्कि तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में भी अंजाम दिया गया है।

आपको बता दें कि इस घटना का खुलासा मुंबई के मलाड पूर्व कुरार पुलिस ने किया है। जिन्होंने एक ज्वेलरी शॉप में चोरी के बाद इस कुनबे के 6 सदस्यों को पकड़ने में कामयाबी पाई है। चोरों के इस कुनबे के तीन सदस्य अब भी फरार हैं। गिरफ्तारी के बाद इस परिवार ने कबूला कि मुंबई सहित महाराष्ट्र के दर्जनों इलाकों के अलावा तेलंगाना, छत्तीसगढ़ राज्यों के ज्वेलरी शॉप में भी चोरी की है।
गौरतलब है कि 13 जनवरी 2021 को कुरार क्षेत्र में मयूर ज्वेलर्स से 10 तोला सोने के जेवर चोरी होने की रिपोर्ट पुलिस में दर्ज हुई। दुकान के मालिक ने पुलिस को बताया कि 13 जनवरी को दोपहर 2 बजे के करीब काली पीली टैक्सी से कुछ लोग दुकान पर आए। तीन लोग कुछ देर तक सोने के गहने देखने के बाद चले गए। उनके जाने के बाद 10 तोला सोने के जेवर चोरी हो जाने का पता चला। दुकान में लगे सीसीटीवी में चोरी की उक्त घटना भी रिकॉर्ड हो गई। उसी आधार पर कुरार के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक प्रकाश वेले के नेतृत्व में पुलिस टीम जांच में जुटी।

जांच के दौरान पुलिस को ये मालूम चला कि चोरों का ये गिरोह पुणे का रहने वाला है। इसकेस बाद पुलिस ने तफ्तीश में रेखा हेमराज वाणी (45 साल), अक्षय हेमराज वाणी (19 साल), शेखर हेमराज वाणी (28 साल), रेणुका शेखर वाणी (23 साल), नरेंद्र अशोक सालुंखे (35 साल) समेत कुर्ला से टैक्सी ड्राइवर आशुतोष मिश्रा को गिरफ्तार किया है। आपको बता दें कि अक्षय और शेखर दोनों रेखा के बेटे हैं। वहीं रेणुका शेखर की पत्नी है।
पुलिस ने बताया कि इन सभी पर मुंबई सहित महाराष्ट्र के अलग अलग पुलिस स्टेशनों में 50 से भी ज्यादा चोरी के मामले दर्ज हैं। आरोपियों के पास से 1 लाख 90 हजार रुपये के सोने के जेवर बरामद किए गए हैं। फरार तीन आरोपियों की तलाश जारी है।