पन्नाः दक्षिण पन्ना वनमंडल के शाहनगर वन परिक्षेत्र में वनरक्षक उदयभान सिंह द्वारा दो आकर्षक एवं पारिस्थितिक दृष्टि से महत्वपूर्ण पक्षियों, क्रेस्टेड हनी बज़र्ड तथा ब्लैक-विंग्ड काइट, का सफल अवलोकन एवं फोटोग्राफी की गई। यह क्षेत्र में समृद्ध जैव विविधता तथा वन अमले की सजगता को दर्शाती है। इन पक्षियों की उपस्थिति से यह भी स्पष्ट होता है कि शाहनगर क्षेत्र का पारिस्थितिक तंत्र संतुलित एवं पक्षी-अनुकूल बना हुआ है।
क्रेस्टेड हनी बज़र्ड एक विशिष्ट शिकारी पक्षी है, जो मुख्यतः मधुमक्खियों एवं ततैयों के छत्तों को खोजकर उनका भोजन करता है। इसकी मजबूत चोंच एवं विशेष रूप से अनुकूलित सिर इसे डंक से बचाते हैं। यह पक्षी जंगलों के स्वास्थ्य का एक महत्वपूर्ण सूचक माना जाता है, क्योंकि इसकी उपस्थिति से परागण करने वाले कीटों तथा प्राकृतिक खाद्य श्रृंखला का संतुलन बना रहता है। यह प्रजाति प्रायः घने वन क्षेत्रों में पाई जाती है, जिससे शाहनगर क्षेत्र की वन संपदा की गुणवत्ता का भी संकेत मिलता है।
वहीं ब्लैक-विंग्ड काइट अपनी विशिष्ट हॉवरिंग क्षमता के लिए जानी जाती है, जिसमें यह एक ही स्थान पर हवा में स्थिर रहकर शिकार पर नजर रखती है। यह मुख्यतः छोटे कृन्तकों एवं कीटों का शिकार कर कृषि तथा प्राकृतिक पारिस्थितिकी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। खुले घास के मैदानों एवं खेतों के आसपास इसकी उपस्थिति किसानों के लिए भी लाभकारी मानी जाती है। इन दोनों पक्षियों का एक ही क्षेत्र में देखा जाना दक्षिण पन्ना के विविध आवासों, जैसे वन एवं खुली भूमि, की समृद्धता को दर्शाता है।
पन्ना से संवाददाता राजेश रावत की रिपोर्ट