आपने कई बार देखा होगा कि कुछ लोगों को खाना खाते ही पसीना आने लगता है। मौसम चाहे ठंडा हो या सामान्य, भोजन शुरू करते ही माथे, चेहरे या गर्दन पर पसीना दिखने लगता है। आमतौर पर लोग इसे गर्म या मसालेदार खाने से जोड़ देते हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि कई लोगों को साधारण दाल-रोटी या हल्का भोजन करने पर भी पसीना आने लगता है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर खाते समय पसीना क्यों आता है और क्या यह किसी बीमारी का संकेत हो सकता है?
मेडिकल भाषा में खाते समय पसीना आने की समस्या को गस्टेटरी स्वेटिंग (Gustatory Sweating) कहा जाता है। यह स्थिति तब होती है जब खाना खाते समय शरीर की नर्वस सिस्टम सक्रिय हो जाती है और पसीना निकलने लगता है। खासतौर पर मसालेदार, तीखा या बहुत गर्म भोजन करने पर यह ज्यादा देखने को मिलता है। जिन लोगों की शरीर की तासीर गर्म होती है, उनमें यह समस्या सामान्य से ज्यादा हो सकती है।
कुछ लोगों में खाते समय हल्का पसीना आना पूरी तरह सामान्य होता है और इसे किसी बीमारी से जोड़ने की ज़रूरत नहीं होती। लेकिन अगर यह समस्या अचानक बढ़ जाए या बिना किसी वजह के होने लगे, तो यह कुछ स्वास्थ्य समस्याओं की ओर इशारा कर सकती है।
खाना खाते समय पसीना आना कई बार डायबिटीज का शुरुआती संकेत भी हो सकता है। लंबे समय तक शुगर रहने पर नर्व डैमेज हो सकता है, जिससे भोजन करते समय पसीना आने लगता है। हालांकि यह हर डायबिटीज मरीज में नहीं होता, लेकिन बार-बार ऐसा होने पर जांच करवाना ज़रूरी माना जाता है।
कुछ मामलों में थायरॉयड की समस्या या शरीर में हार्मोनल असंतुलन के कारण भी खाते समय पसीना आ सकता है। ऐसे में पसीने के साथ घबराहट, वजन में बदलाव या दिल की धड़कन तेज होने जैसे लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं।
बच्चों में भी खाना खाते समय पसीना आना देखा जाता है। आमतौर पर जब बच्चा मसालेदार या भारी भोजन करता है, तो उसे पचाने के लिए शरीर का तापमान बढ़ता है और पसीना आता है। यह सामान्य हो सकता है। लेकिन अगर बच्चा हल्का और सामान्य भोजन करने पर भी बहुत ज्यादा पसीना बहाता है, तो डॉक्टर से सलाह लेना ज़रूरी हो जाता है।
अगर नीचे दिए गए लक्षण दिखाई दें, तो इसे नज़रअंदाज़ न करें-
हर तरह का भोजन करते समय पसीना आना
बिना कारण वजन तेजी से कम होना
खाना खाते समय दिल की धड़कन तेज होना
बहुत ज्यादा और लगातार पसीना आना
खाते समय पसीना आने की समस्या को कम करने के लिए कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं-
बहुत मसालेदार और तीखा भोजन कम करें
एक साथ ज्यादा खाने के बजाय छोटे और हल्के मील लें
मानसिक तनाव और चिंता से बचें
दिन में कम से कम 7-8 गिलास पानी जरूर पिएं
खाने के दौरान बहुत गर्म पेय लेने से बचें
खाते समय पसीना आना हर बार बीमारी का संकेत नहीं होता, लेकिन अगर यह समस्या बार-बार हो और अन्य लक्षणों के साथ दिखाई दे, तो डॉक्टर से सलाह लेना समझदारी है। समय पर कारण पता चलने से समस्या को आसानी से कंट्रोल किया जा सकता है।