बाराबंकी : पुलिस ने एक मकान में जुआ खेल रहे छह आरोपितों को गिरफ्तार कर एक लाख 38 हजार की नकदी बरामद की है। आरोपितों पर मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल रवाना कर दिया गया है। एसपी डॉ. अरविद चतुर्वेदी ने बताया कि एएसपी आरएस गौतम के पर्यवेक्षण में दो टीम बनी थीं।
एक टीम सीओ सिटी सीमा यादव और दूसरी टीम प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार सिंह के नेतृत्व में बनी थी। पुलिस बल के साथ कोतवाली नगर क्षेत्र के मोहरी पुरवा में स्थित प्रज्ञा कुमार के मकान में दबिश दी। यहां मकान मालिक सहित छह जुआरियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
दबिश के दौरान पुलिस ने जुए की फड़ से एक लाख 23 हजार और आरोपितों की जामा तलाशी में 15 हजार रुपये बरामद किए हैं। इसके अतिरिक्त छह मोबाइल, तीन बाइक और एक कार सहित ताश की तीन गड्डियां बरामद की हैं।
गिरफ्तार किए गए लोगों में कोतवाली नगर के मुहल्ला पीरबटावन ईदगाह निवासी नौशाद अली, मोहारी का पुरवा गांव निवासी मकान मालिक प्रज्ञा कुमार, मुहल्ला लखपेड़ाबाग निवासी अबरार, गयासनगर बड़ेल निवासी सलीम अहमद, सतरिख थाना क्षेत्र के ग्राम पारा कुवर निवासी परवेश कुमार और जैदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खुशहालपुर निवासी गोलू वर्मा शामिल हैं।
एसपी ने बताया कि आठ मार्च को मुहल्ला पैसार स्थित वीरेंद्र प्रताप यादव के घर में दबिश देकर जुआ खेल रहे 27 जुआरियों को गिरफ्तार कर करीब सात लाख रुपये की नकदी, जेवर, बाइक कार आदि बरामद किया गया था।
इन 27 आरोपितों में परवेश वर्मा, अली भी शामिल थे। इससे स्पष्ट है कि परवेश व नौशाद अली आदि का एक संगठित गिरोह है जोकि बंद घर में जुआ खिलवाते हैं। इन पर गैंगस्टर एक्ट की भी कार्रवाई की जाएगी।