बाराबंकी: दो दिन पहले घर से दावत खाने की बात कहकर निकले युवक का शव गोमती नदी के किनारे मिला। हत्या कर शव फेंकने की आशंका है।
सुबेहा थाना क्षेत्र में रहने वाले युवक का शव असंदरा थाना क्षेत्र के गोमती नदी के पलौली घाट पर मिला तो उसकी मोटरसाइकिल हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के बाबा टीकाराम धाम में गोमती नदी के बेहटा घाट के पास मिली। हत्या की गुत्थी को सुलझाने में तीन थानों के अधिकारी परेशान है।
सुबेहा थाना क्षेत्र के रुकनुद्दीनपुर (ताला) गांव का निवासी पवन कुमार सिंह (28) पुत्र स्व. दान बहादुर सिंह चौहान 14 सितम्बर की रात नौ बजे घर से निकला और कहा कि दावत में जा रहे हैं। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा।
असंदरा थाना क्षेत्र में गोमती नदी के पलौली घाट की ओर से सुबह आसपास के किसान निकले तो उनकी नजर नदी के किनारे पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। इसकी सूचना पर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना पाकर मौके पर पुलिस भी पहुंची। कपड़ों की तलाशी पर युवक की शिनाख्त पवन कुमार सिंह के रूप में हुई।
पुलिस की सूचना पर परिवार के कई लोग असंद्रा थाना क्षेत्र में गोमती नदी के तट पर पहुंचे। वहां पर परिजनों ने उसकी शिनाख्त पवन कुमार सिंह के रूप में की। गोमती नदी के तट पर पड़े शव को देखकर हत्या कर शव फेंकना स्पष्ट था। पुलिस को तहरीर देकर पवन कुमार सिंह के हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है।