अलीनगर थाना क्षेत्र के महेवा गांव स्थित नेशनल हाइवे पर गुरुवार की देर रात टैंकर की सील तोड़कर डीजल निकाल रहा चालक पुलिस को देख भाग निकला। हालांकि पुलिस ने शनिवार की सुबह आरोपित टैंकर चालक को सकलडीहा मोड़ से गिरफ्तार किया। आरोपित के खिलाफ आपूर्ति विभाग व पुलिस कार्रवाई में जुटी है। अलीनगर थाना परिसर में शनिवार की दोपहर सीओ सदर कुंवर प्रभात सिंह ने मामले की खुलासा किया। जानकारी देते हुए बताया कि गुरुवार की देर रात थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह,एसआई दीपक पाल सिपाही योगेंद्र यादव व लल्लन पाल नेशनल हाइवे पर गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान टैंकर की सील तोड़कर डीजल निकाल रहे मिर्जापुर जिले के लखमापुर गांव निवासी चालक सुनील दूबे पर पड़ी। लेकिन पुलिस को देख चालक भाग निकला। पुलिस मौके से दो प्लास्टिक बोतल, 40 लीटर डीजल तीन प्लास्टिक की बाल्टी, 15 फीट की पाइप व टैंकर कब्जे में लेकर थाने पहुंची। वही शनिवार की सुबह आरोपित चालक को सकलडीहा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया। सूचना पर पहुंचे पूर्ति निरीक्षक राजीव सिंह ने टैंकर चालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया। बताया कि अलीनगर स्थित इंडियन आयल से चालक डीजल लेकर मिर्जापुर के लखमापुर निवासी प्रकाश नारायण सिंह के पेट्रोल पंप पर ले जा रहा था। लेकिन रास्ते में डीजल चोरी करने लगा।