1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. बलिया के डुमरी में मारपीट में वृद्ध की मौत, चार पर रपट दर्ज

बलिया के डुमरी में मारपीट में वृद्ध की मौत, चार पर रपट दर्ज

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
बलिया के डुमरी में मारपीट में वृद्ध की मौत, चार पर रपट दर्ज

दो पक्षों के बीच हो रहे झगड़ा को शांत कराने पहुंचे वृद्ध की मौत हो गयी। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गयी है।

बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के डुमरी गांव में शुक्रवार को ताल में घास काटने के लिये नाव लेकर जाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बीच उनके बीच लाठी-डंडे से मारपीट होने लगी तथा ईट-पत्थर चलने लगा। यह देख गांव निवासी 70 वर्षीय तेजबहादुर बिंद बीच-बचाव करने पहुंच गये। मामला शांत कराने के प्रयास में वह भी जख्मी होकर जमीन पर गिर पड़े। जानकारी होने के बाद पहुंचे परिजन व गांव के लोग उन्हें लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद वाराणसी रेफर कर दिया। घरवाले बनारस ले जाने का प्रयास कर रहे थे तभी उन्होंने दम तोड़ दिया। मारपीट में 60 वर्षीय शिवानंद, 13 वर्षीय लव व 12 वर्षीय कुश, 23 वर्षीय त्रिपुरारी शंकर आदि घायल हो गये। एसओ बांसडीहरोड अशोक कुमार का कहना है कि मृतक के भतीजा सत्यप्रकाश की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ रपट दर्ज किया गया है। उनका कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।

समय पर एम्बुलेंस नहीं पहुंचने का आरोप

मारपीट में बीच-बचाव करने के दौरान घायल डुमरी निवासी तेज बहादुर को परिजन लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। डॉक्टरों ने वाराणसी ले जाने की सलाह दी तो उन्होंने सरकारी एम्बुलेंस को बुलाया। आरोप है कि करीब तीन घंटे तक इंतजार करने के बाद जब तक एम्बुलेंस पहुंची वृद्ध की मौत हो चुकी थी। घरवालों का कहना है कि अगर समय पर एम्बुलेंस आ जाती तो शायद उनकी जान बच जाती।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...