उत्तर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी और पोस्टरवार ने जोर पकड़ लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के “बटेंगे तो कटेंगे” बयान के जवाब में अब सपा ने एक नया पोस्टर जारी किया है, जो सपा कार्यालय के बाहर लगा देखा गया। इस पोस्टर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीरें लगाई गई हैं, जिसमें लिखा है, “बटेंगे तो सिलेंडर 1200 में मिलेगा, एक रहेंगे तो 400 में।”
इस पोस्टर को कांग्रेस नेता अजीत कुमार मौर्या की ओर से जारी किया गया है, और यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। सपा ने मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए कहा था, “न बटेंगे न कटेंगे, पीडीए संग रहेंगे।” यहां पीडीए का मतलब पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों के एकता के लिए किया गया है।
पोस्टर के ऊपरी हिस्से में सभी धर्मों के लोगों की तस्वीरें लगाकर एकता का संदेश दिया गया है। इसमें लिखा है, “बटेंगे तो गैस सिलेंडर 1200 रुपये में मिलेगा, एक होंगे तो 400 रुपये में मिलेगा।”
यह पोस्टर प्रदेश में बढ़ती महंगाई और लोगों की आर्थिक परेशानियों को दर्शाने का प्रयास है, जिससे सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बहस और भी गर्म हो गई है।