केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 31 दिसंबर 2025 से 2 जनवरी 2026 तक महाराष्ट्र के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनका प्रवास किसानों, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए नए अवसरों को समर्पित रहेगा। वे विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से केंद्र सरकार की किसान एवं ग्रामीण हितैषी योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे और लाभार्थियों से सीधा संवाद करेंगे।
अपने दौरे के पहले दिन केंद्रीय मंत्री अहिल्या नगर में कार्यक्रमों में शामिल होंगे। वे बाभलेश्वर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र का दौरा कर कृषक समूहों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान फसल उत्पादन, सिंचाई, जल संरक्षण, फसल बीमा, बाजार तक बेहतर पहुंच और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
केंद्रीय मंत्री किसानों की आय बढ़ाने, प्राकृतिक खेती, आधुनिक तकनीक, फसल विविधीकरण, मूल्य संवर्धन और किसान उत्पादक संगठनों (FPO) के माध्यम से संगठित कृषि को बढ़ावा देने पर अपना दृष्टिकोण साझा करेंगे।
नववर्ष के अवसर पर 1 जनवरी 2026 को श्री चौहान परिवार सहित शिरडी साईं बाबा मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके साथ ही वे पौधारोपण भी करेंगे। प्रातः 10 से 11 बजे तक वे अपने दोनों मंत्रालयों के अधिकारियों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे और नए वर्ष के लिए विशेष संकल्प दिलाते हुए कार्यों की दिशा तय करेंगे। दोपहर 2 बजे के बाद शिरडी के पास ग्राम लोणी बुदरुक में आयोजित ग्राम सभा में भाग लेंगे, जहां ग्रामीणजनों, श्रमिकों और मजदूर भाई-बहनों से सीधा संवाद करेंगे। सायंकाल वे शनि शिंगणापुर मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे।
दौरे के अंतिम दिन 2 जनवरी को केंद्रीय मंत्री नासिक में यशवंतराव चव्हाण महाराष्ट्र मुक्त विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 12:15 बजे से शुरू होने वाले इस सत्र में कुलपति एवं वरिष्ठ अधिकारियों से सौजन्य भेंट के बाद औपचारिक उद्घाटन होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री का उद्बोधन, प्रश्नोत्तर और इंटरैक्टिव सत्र भी होगा, जिसमें वे विद्यार्थियों और शोधार्थियों से संवाद करेंगे।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का यह तीन दिवसीय महाराष्ट्र दौरा किसानों की आय बढ़ाने, ग्रामीण विकास को गति देने और नववर्ष में विकास के नए संकल्पों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।