पन्नाः सुनहरा बीट के ‘टपरियन हार’ इलाके से ढाई साल की आदिवासी मासूम पलक रहस्यमय तरीके से लापता हो गई। घटना उस वक्त की है जब बच्ची के पिता, अमर आदिवासी, अपनी पत्नी के साथ जंगल से सटे खेत में महुआ बीन रहे थे। पलक पास ही बनी झोपड़ी के पास खेल रही थी, तभी वह अचानक गायब हो गई।
बता दें कि जंगल के इस हिस्से में बाघों और तेंदुओं की भारी सक्रियता रहती है। रेंजर अजय बाजपेयी के अनुसार, शुरुआती आशंका किसी हिंसक वन्यजीव के हमले की जताई जा रही है। हालांकि मौके पर अब तक कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। PTR और पुलिस विभाग की विशेष डॉग स्क्वॉड टीमें घने जंगलों में सुराग तलाश रही हैं।
टीआई पन्ना के नेतृत्व में पुलिस बल और वन विभाग का अमला झाड़ियों की खाक छान रहा है। घटना के बाद पूरे गांव के लोग लापता बच्ची की सुरक्षित वापसी के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और सर्चिंग में मदद जुटा रहे हैं। फिलहाल, पूरा इलाका छावनी में तब्दील है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
पन्ना से संवाददाता राजेश रावत की रिपोर्ट