रिपोर्ट: सत्यम दुबे
बहराइच: यूपी की बहराइच जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे जानकर आपके होश उड़ जायेंगे। यहां एक पति ने दहेज की मांग पूरी न होने पर अपनी पत्नी को प्रताड़ित किया। इतना ही नहीं उसने अपनी पत्नी का हाथ पैर बांध कर उसका सिर मुंडवा दिया। जिसके पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है।
आपको बता दें कि नेपाल निवासी अमजद अली ने अपनी बेटी बसीरुन की शादी तकरीबन 5 साल पहले बहराइच के थाना मटेरा क्षेत्र के ग्राम समोखन निवासी साजिद साईं के साथ की थी। आरोप है कि साजिश शुरू से ही दहेज की मांग को लेकर महिला को प्रताड़ित कर रहा था। अमजद अली ने बताया कि दहेज में मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये की मांग थी।
अमजद अली ने आगे बताया कि दहेज की मांग ना पूरी कर पाने के कारण उसकी बेटी को 5 सालों से लगातार यातनाएं दी जा रही हैं। कई बार समझौता कराकर वह बेटी को लाकर उसके ससुराल छोड़ गए, लेकिन अब तो उसके पति ने अमानवीयता की सारी हदें पार कर दी। उन्होंने बताया कि उसकी बेटी को पहले मार पीट कर यातनाएं दी, फिर उसके सिर को मुंडा दिया गया।
जबकि पीड़ित महिला की मानें तो वह इंसाफ के लिए थाने गई लेकिन उसे वहां इंसाफ नहीं मिल सका, उसकी पीड़ा को ठीक से सुने बिना उसे और उसके पिता को बैरंग वापस कर दिया गया। अब उसने इंसाफ के लिए पुलिस अधीक्षक की चौखट पर दस्तक दी। इस प्रकरण में पुलिस क्षेत्राधिकारी जंगबहादुर यादव ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।