रिपोर्ट: सत्यम दुबे
सीतापुर: यूपी के सीतापुर जिले से वारदात की एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसे जानकर आप भी दहल जायेंगे। जिले के हरगांव थाना क्षेत्र के मुद्रासन में दिनदहाड़े एक शख्स ने डॉक्टर पर तलवार से हमला कर निर्मम हत्या कर दी। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

आपको बता दें कि हरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम मुद्रासन में स्थित अपने निजी चिकित्सालय में डॉक्टर मुनेंद्र प्रताप वर्मा मरीज देख रहे थे, तभी एक व्यक्ति तलवार लेकर क्लीनिक में घुसा। उस व्यक्ति ने तलवार निकालकर डॉक्टर मुनेंद्र पर ताबड़तोड़ प्रहार कर दिए। किसी तरह दरवाजा खोल कर डॉक्टर ने मदद के लिए पुकार लगाई।
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी ने तलवार से पहले डॉक्टर मुनेंद्र प्रताप वर्मा का हाथ काटा, फिर उनके सिर और गर्दन पर कई वार किए। डॉक्टर ने मदद की गुहार लगाई। इसके बाद क्लिनिक में मौजूद उनके स्टाफ व अड़ोस-पड़ोस के लोग दौड़े लेकिन तब तक डॉक्टर का काफी खून बह चुका था और उन्होंने वहीं दम तोड़ दिया।
वारदात की यह घटना जहां घटी वहां से वहां से पुलिस पिकेट की दूरी महज चंद कदम है। लोगों ने बताया कि, हमलावर ने अपने हाथ मे चाकू भी ले रखा था। वारदात की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने हमलावर को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया है। इस बड़ी वारदात ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। मौके पर एसपी आरपी सिंह भी पहुंच गए।
SP आरपी सिंह ने आरोपी के गिरफ्तार होने की जानकारी दी। उन्होने बताया कि प्रथम दृष्टया जमीन के पैसे के लेनदेन के चलते इस घटना के कारित होने की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस अन्य पहलुओ पर भी जांच कर रही है।