बुधवार को हैमिल्टन के सेडॉन पार्क में खेले गए टी-20 सीरीज का तीसरा और बेहद ही रोमांचक मुकाबला सुपर ओवर तक पहुंचा। लेकिन शानदार फार्म में चल रही टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने लगातार दो छक्के लगाकर भारतीय टीम को जीत दिलाई।
लेकिन इस हार के साथ न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने कहा कि, सुपरओवर हमारे लिए कभी अच्छे नही रहे। पिछले साल भी कुछ ऐसा ही था जिसने न्यूजीलैंड के विश्व कप जीतने की राह में रोड़ा अड़ा दिया था और बुधवार को भी भारत के खिलाफ खेले गए तीसरे टी-20 मैच में भी उसकी जीत की कहानी सुपर ओवर में पलट गई।
हालांकि कप्तान विलियनसन इस बात से खुश हैं कि टीम ने इस मैच में बीते दो मैचों की तुलना में अच्छा प्रदर्शन किया। विलियम्सन ने कहा, ‘‘हमने वैसे सभी विभागों में अच्छा किया। हमने गेंद से अच्छी वापसी की। दोनों टीमों ने साइड की छोटी बाउंड्रीज का फायदा उठाया। इस तरह के प्रयास के बाद हारना बेहद निराशाजनक है, लेकिन यह छोटे अंतर का खेल है।’
टाई मैचों में न्यूजीलैंड की टीम का रिकॉर्ड बहुत खराब है। टीम ने 8 टाई मैच खेले हैं और उसे 6 में हार का सामना करना पड़ा है।