रिपोर्ट: सत्यम दुबे
बांदा: कोरोना महामारी के दूसरे लहर का कहर लगातार जारी है। कोरोना से संक्रमित मरीज ऑक्सीजन और दवाईयों की कमीं से लगातार दम तोड़ रहें हैं। महामारी के दूसरे लहर ने कई हंसते-खेलते परिवारों को तबाह कर रहा है। कोरोना महामारी की चपेट में BSP नेता और पूर्वांचल का माफिया मुख्तार अंसारी भी आ गया है। मुख्तार यूपी की बांदा जेल मे बंद है। मुख्तार अंसारी का ब्लड प्रेशर और शुगर बढ़ा है। इसके साथ ही उसको कई बीमारियां और भी हैं।
माफिया मुख्तार को अप्रैल में पंजाब की रोपड़ जेल से बांदा शिफ्ट किया गया था। इसी दौरान उसका RT-PCR टेस्ट हुआ तो वह कोरोना पॉजिटिव निकला था। मिली जानकारी के मुताबिक मुख्तार को स्किन एलर्जी भी है। उसके शरीर में लाल दाने निकल रहे हैं, इसके साथ ही उसके कमर में भी दर्द है। मुख्तार ने कोर्ट में अर्जी देकर बाहर इलाज और सुविधाएं देने की मांग की है।
मुख्तार के वकील ने न्यायालय में अर्जी देकर कहा है कि मुख्तार को इंफेक्शन होने से शरीर पर दाने और चकत्ते पड़ रहे हैं। वकील ने मुख्तार के लिए मच्छरदानी, कूलर और दूसरी सुविधाएं बाहर से मुहैया करवाने की मांग की। इसपर जेल प्रशासन ने कोर्ट से कहा कि मुख्तार के बैरक में ये सभी सुविधाएं पहले से हैं। इसलिए बाहर से इन्हें दिए जाने की जरूरत नहीं है।
मंगलवार को अचानक मुख्तार की तबीयत बिगड़ने से जेल प्रशासन के हड़कंप मच गया। मुख्तार की सेहत और इलाज को लेकर अफसर मीटिंग करने लगे। बावजूद इसके जेल प्रशासन ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। बांदा जेल अधीक्षक प्रभाकांत पांडेय ने बताया कि फिलहाल मीटिंग चल रही है। इसलिए इस बारे में कुछ स्पष्ट नहीं बताया जा सकता है।
आपको बता दें कि रोपड़ से बांदा लाने के वक्त मुख्तार अंसारी RT-PCR टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव निकला था। लेकिन मुख्तार में कोरोना के लक्षण नहीं है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। उसे जेल की बैरक नंबर-15 (तन्हाई बैरक) में रखा गया है।