1. हिन्दी समाचार
  2. जरूर पढ़े
  3. Mp News: उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों की समीक्षा, सीएम मोहन यादव ने कहा– यह विश्व की शान है

Mp News: उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों की समीक्षा, सीएम मोहन यादव ने कहा– यह विश्व की शान है

उज्जैन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सिंहस्थ 2028 की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने इसे मध्यप्रदेश ही नहीं, पूरे विश्व की शान बताया और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में योजनाओं को तेज करने के निर्देश दिए।

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
Mp News: उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों की समीक्षा, सीएम मोहन यादव ने कहा– यह विश्व की शान है

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। विक्रमादित्य संकुल भवन में आयोजित इस बैठक में उज्जैन और इंदौर के प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सिंहस्थ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान है, जिसे अब वैश्विक स्तर पर ले जाने की तैयारी हो रही है।

उन्होंने कहा कि ओंकारेश्वर, महेश्वर, नलखेड़ा, भोपाल और मालवा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों को सिंहस्थ कार्य क्षेत्र में शामिल किया गया है और उनके लिए योजनाएं तैयार कर दी गई हैं। इन योजनाओं पर राज्य और केंद्र सरकार दोनों के सहयोग से तीव्र गति से कार्य किया जाएगा।

धार्मिक पर्यटन और स्थायी लाभ को केंद्र में रखकर बन रही हैं योजनाएं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सिंहस्थ के बहाने धार्मिक पर्यटन को विस्तार मिलेगा और आमजन को इसका दीर्घकालिक लाभ भी प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभागों की योजनाओं की गहन समीक्षा की जा चुकी है और कुछ कार्यों को अब गति देने की आवश्यकता है। सरकार इन कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

समीक्षा बैठक में शामिल हुए जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी

इस समीक्षा बैठक में उज्जैन सांसद अनिल फिरोजिया, महापौर मुकेश टटवाल, सभापति कलावती यादव, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती, भाजपा नेता जगदीश अग्रवाल, कमिश्नर संजय जैन, उज्जैन कलेक्टर रोशन सिंह और इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

भाजपा कार्यक्रम और तिरंगा यात्रा में भी लेंगे भाग

मुख्यमंत्री उज्जैन प्रवास के दौरान भारतीय जनता पार्टी नगर संगठन के कार्यक्रम में नव नियुक्त मंडल पदाधिकारियों के स्वागत समारोह में भी शामिल होंगे। यह आयोजन आस्था गार्डन में आयोजित किया जाएगा, जिसमें क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी भाग लेंगे। हाल ही में पार्टी के 12 मंडलों ने अपनी कार्यकारिणी घोषित की है और अब उनका औपचारिक अभिनंदन किया जाएगा।

खेलों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने दिए बड़े संकेत

रविवार देर रात उज्जैन पहुंचे मुख्यमंत्री ने क्षीरसागर स्टेडियम में आयोजित अखिल भारतीय फिरोजिया ट्रॉफी 2025 क्रिकेट प्रतियोगिता के समापन समारोह में भी हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने घोषणा की कि राज्य सरकार ने खेल बजट को दोगुना कर दिया है और अब ओलंपिक पदक विजेताओं को 1 करोड़ रुपए तक की प्रोत्साहन राशि मिलेगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में सुविधायुक्त खेल मैदान विकसित किए जाएंगे, ताकि प्रदेश के युवाओं को खेल में उज्जवल भविष्य मिल सके।

This Post Is Written By Abhinav Tiwari

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...