पन्ना। जिले में लगातार हो रही बारिश का असर अब स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखाई देने लगा है। पन्ना जिला चिकित्सालय में भारी बारिश के बाद ड्रेनेज सिस्टम प्रभावित होने से सर्जिकल और डिलीवरी वार्ड में पानी भर गया। अस्पताल परिसर और वार्डों में पानी जमा होने से मरीजों, प्रसूताओं और उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल के कुछ वार्डों में करीब एक फीट तक पानी भर गया। इसके कारण मरीज और उनके परिजन बेड से उतरने में भी असहज महसूस करते रहे। दवा, इंजेक्शन और शौचालय जैसी जरूरी सुविधाओं के लिए उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ी। अस्पताल में भर्ती नवजात शिशुओं और प्रसूताओं के वार्ड में पानी भरने से संक्रमण का खतरा भी बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों का कहना है कि बारिश के मौसम में यह समस्या बार-बार सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जल्द सुधार की मांग की है।

मामले को लेकर सिविल सर्जन डॉ. आलोक गुप्ता ने बताया कि अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग जलस्तर से करीब पांच फीट नीचे बनी हुई है। वहीं, नई बिल्डिंग के निर्माण कार्य के चलते नाली प्रभावित हुई है, जिससे पानी वापस अस्पताल परिसर में जमा हो रहा है। उन्होंने बताया कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए बजट की आवश्यकता है, जिसके लिए भोपाल मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा गया है। साथ ही निर्माण एजेंसी को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र लिखा गया है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, फिलहाल पानी निकालने का काम लगातार किया जा रहा है और जल्द ही परिसर को पूरी तरह साफ कर दिया जाएगा। प्रशासन ने स्थिति सामान्य करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही है।