1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. ‘सिंगल क्लिक 2.0’ अभियान, रैली और नुक्कड़ नाटक से लोगों को किया साइबर अपराधों के प्रति जागरूक

‘सिंगल क्लिक 2.0’ अभियान, रैली और नुक्कड़ नाटक से लोगों को किया साइबर अपराधों के प्रति जागरूक

शाजापुर पुलिस ने ‘सिंगल क्लिक 2.0’ अभियान के तहत साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता रैली और नुक्कड़ नाटक आयोजित किया। लोगों को डिजिटल सुरक्षा और हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी।

By: BS Yadav 
Updated:
‘सिंगल क्लिक 2.0’ अभियान, रैली और नुक्कड़ नाटक से लोगों को किया साइबर अपराधों के प्रति जागरूक

शाजापुर। बढ़ते साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों को डिजिटल ठगी से बचाने के उद्देश्य से शाजापुर पुलिस ने ‘सिंगल क्लिक 2.0’ अभियान के तहत मंगलवार को व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक और जागरूकता रैली के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए।

कार्यक्रम की शुरुआत शहर के आजाद चौक से हुई, जहां पुलिस टीम और कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के जरिए लोगों को बताया गया कि साइबर अपराधी फर्जी कॉल, आकर्षक ऑफर्स, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों का इस्तेमाल कर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। साथ ही नागरिकों को सतर्क रहने और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड विवरण, ओटीपी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई।

 

नुक्कड़ नाटक के बाद पुलिस अधिकारियों और जवानों ने जन-जागरूकता रैली निकाली। रैली आजाद चौक से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड तक पहुंची। इस दौरान पुलिसकर्मी हाथों में जागरूकता संबंधी तख्तियां लेकर चल रहे थे और नारों के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूक कर रहे थे।

कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम मालवीय ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं, इसलिए नागरिकों को हर ऑनलाइन लेनदेन और डिजिटल गतिविधि के दौरान सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उनके साथ किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है तो वे बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या अपने नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

शाजापुर पुलिस का कहना है कि ‘सिंगल क्लिक 2.0’ अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है, ताकि डिजिटल ठगी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...