शाजापुर। शाजापुर जिले की नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने मंगलवार को विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। इस दौरान निवर्तमान पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत ने उन्हें कार्यभार सौंपते हुए जिले की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और पुलिस प्रशासन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
पदभार संभालने के बाद पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने जिले के राजपत्रित अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि जिले में प्रभावी कानून-व्यवस्था बनाए रखना, अपराधों पर नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा को मजबूत करना तथा साइबर अपराधों की रोकथाम उनकी प्रमुख प्राथमिकताएं रहेंगी।

प्रियंका शुक्ला ने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित कर पुलिसिंग को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी, जवाबदेह और जन-केंद्रित बनाया जाएगा। उन्होंने साइबर जागरूकता बढ़ाने और आधुनिक पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने पर भी विशेष जोर दिया।
नवागत पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “आमजन का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी शक्ति है।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि नागरिकों की शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और संवेदनशील समाधान सुनिश्चित किया जाएगा तथा अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।