प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज चुनावी राज्य छत्तीसगढ़ और तेलंगाना को 34 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं की सौगात देंगे। अपनी यात्रा के दौरान, प्रधान मंत्री विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। प्रधान मंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने कहा कि पीएम मोदी छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से राज्य में 26,000 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
इसके अलावा वह तेलंगाना के निज़ामाबाद में 8,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। पीएमओ के बयान में कहा गया है कि ये परियोजनाएं आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण को बढ़ावा देंगी। इसमें कहा गया कि बस्तर जिले के नगरनार में एनएमडीसी स्टील प्लांट देश को समर्पित किया जाएगा। 23,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित यह ग्रीनफील्ड प्लांट उच्च गुणवत्ता वाले स्टील का उत्पादन करेगा और इससे हजारों लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
तेलंगाना सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट का करेंगे उद्घाटन
इसके अलावा जगदलपुर और दंतेवाड़ा के बीच दोहरीकरण रेल लाइन और अंतागढ़ और तारोकी के बीच नई रेल लाइन का उद्घाटन किया करेंगे। उधर, तेलंगाना में प्रधानमंत्री मोदी एनटीपीसी तेलंगाना सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की 800 मेगावाट बिजली उत्पादन इकाई के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, मनोहराबाद और सिद्दीपेट के बीच नई रेल लाइन का उद्घाटन किया जाएगा और धर्माबाद-मनोहराबाद और महबूबनगर-कुर्नूल के बीच रेल लाइन का विद्युतीकरण किया जाएगा। इसके अलावा कई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।