1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. अवंतीबाई लोधी के बलिदान दिवस पर जीतू पटवारी ने दी श्रद्धांजलि, भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों पर बोला हमला

अवंतीबाई लोधी के बलिदान दिवस पर जीतू पटवारी ने दी श्रद्धांजलि, भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों पर बोला हमला

मध्यप्रदेश काग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि किसान का बेटा हूं, खेती-किसानी मेरी पहचान, किसानों के हक की लड़ाई आख़िरी सांस तक लड़ता रहूंगा।

By: Naredra 
Updated:
अवंतीबाई लोधी के बलिदान दिवस पर जीतू पटवारी ने दी श्रद्धांजलि, भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों पर बोला हमला

कटनीः मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शुक्रवार को कटनी जिले के पिपरिया में अमर शहीद वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी के बलिदान दिवस पर आयोजित उनकी प्रतिमा अनावरण समारोह में सहभाग किया। इस दौरान उन्होंने अवंतीबाई के अद्वितीय साहस, त्याग एवं मातृभूमि के प्रति अटूट समर्पण को नमन किया। उन्होंने कहा कि रानी अवंतीबाई का बलिदान देश और समाज के लिए प्रेरणास्रोत है तथा अन्याय के खिलाफ संघर्ष की प्रतीक है।

 

धोखे की राजनीति कर रही भाजपा सरकार- जीतू पटवारी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री पटवारी ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि सरकार जनता के साथ छल और धोखे की राजनीति कर रही है। उन्होंने ‘लाड़ली बहना योजना’ को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा ने महिलाओं से ₹3000 प्रतिमाह देने का वादा किया था, लेकिन आज मात्र ₹1250 देकर करोड़ों बहनों के साथ अन्याय किया जा रहा है। प्रदेश में लगभग 4 करोड़ महिलाओं में से केवल 1 करोड़ को लाभ देना और 3 करोड़ बहनों को वंचित रखना अपने आप में एक बड़ा छल है।

महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरा 

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि मोहन सरकार बहनों को ₹1250 दे रही है, लेकिन उनके परिवार को हर महीने ₹5000 तक के महंगे बिजली बिल का झटका दे रही है। यह सरकार एक हाथ से देती है और दूसरे हाथ से जनता की जेब से छीन लेती है। महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए श्री पटवारी ने कहा कि आज रसोई गैस सिलेंडर ₹2000 के करीब पहुंच चुका है, जिससे आम परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। सरकार योजनाओं के नाम पर राहत देने का दिखावा कर रही है, जबकि हकीकत में जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है।

सरकार ने किसानों से किए झूठे वादे- जीतू

किसानों की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों से बार-बार झूठे वादे किए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि को लाभ का धंधा बनाने का वादा किया था, लेकिन आज किसान कर्ज के बोझ तले दबने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि सरकार ने धान के ₹3100 और गेहूं के ₹2700 प्रति क्विंटल देने का वादा किया था, लेकिन वह वादा भी पूरा नहीं किया गया।

जनता देगी सरकार की जनविरोधी नीतियों का जवाब

श्री पटवारी ने कहा कि मेरे अपने परिवार में भी खेती होती है और आज हालात ऐसे हैं कि किसानों को खेती करने के लिए बैंक से कर्ज लेना पड़ रहा है। यह भाजपा सरकार की विफल नीतियों का परिणाम है। उन्होंने आगे कहा कि लोधी समाज की पहचान खेती-किसानी से है और मैं अपनी आखिरी सांस तक किसानों, मजदूरों और कमजोर वर्गों की लड़ाई लड़ता रहूंगा। कांग्रेस पार्टी हमेशा से किसानों और महिलाओं के अधिकारों के लिए संघर्ष करती आई है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब भाजपा के झूठे वादों और जनविरोधी नीतियों को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी।

कांग्रेसी  नेता और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

इस अवसर पर NSUI प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता साधना भारती, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह, जिला शहर अध्यक्ष अमित शुक्ला, सुसनेर विधायक श्री भैरोसिंह परिहार, राजगढ़ जिला पंचायत अध्यक्ष चंदरसिंह, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव अंशु मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...