1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. बैतूल में नवागत आईजी चन्द्रशेखर सोलंकी का पहला वार्षिक निरीक्षण, पुलिस व्यवस्था की हुई समीक्षा

बैतूल में नवागत आईजी चन्द्रशेखर सोलंकी का पहला वार्षिक निरीक्षण, पुलिस व्यवस्था की हुई समीक्षा

बैतूल में नवागत नर्मदापुरम जोन आईजी चन्द्रशेखर सोलंकी ने अपने पहले वार्षिक निरीक्षण में पुलिस कार्यालय, रक्षित केंद्र और थाना गंज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अपराध नियंत्रण, नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और पुलिस अनुशासन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

By: Nivedita 
Updated:
बैतूल में नवागत आईजी चन्द्रशेखर सोलंकी का पहला वार्षिक निरीक्षण, पुलिस व्यवस्था की हुई समीक्षा

बैतूल जिले में नर्मदापुरम जोन के नवागत पुलिस महानिरीक्षक चन्द्रशेखर सोलंकी ने अपने पहले वार्षिक निरीक्षण के दौरान पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था मजबूत रखने और अपराध नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।

पुलिस कार्यालय और थाना व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण 

आईजी चन्द्रशेखर सोलंकी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय, रक्षित केंद्र और थाना गंज पहुंचकर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस रिकॉर्ड, अभिलेखों, शस्त्रागार, संसाधनों और विभागीय कार्यप्रणाली की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे सहित जिले के राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

बदलते अपराधों को देखते हुए संसाधन बढ़ाने के निर्देश

आईजी ने कहा कि बढ़ती आबादी और अपराधों के बदलते स्वरूप को देखते हुए पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने जिले में अतिरिक्त पुलिस बल की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों के कल्याण, नियमित प्रशिक्षण और फायरिंग अभ्यास पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।

निगरानी बदमाशों पर रहेगी कड़ी नजर

थाना गंज के निरीक्षण के दौरान आईजी ने निगरानी बदमाशों और गुंडा तत्वों की लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बीट प्रणाली को मजबूत करने और आम जनता की शिकायतों का जल्द समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम करना है।

 

नशा मुक्ति और साइबर अपराध नियंत्रण पर फोकस

आईजी चन्द्रशेखर सोलंकी ने पुलिस अधिकारियों को “नशे से दूरी है जरूरी-2.0” अभियान, साइबर अपराधों की रोकथाम, महिला एवं बाल सुरक्षा और जनजागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की पहचान अनुशासन, निष्पक्षता और संवेदनशील व्यवहार से होती है। इसलिए प्रत्येक पुलिसकर्मी को जनता के साथ बेहतर संवाद और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना चाहिए।

कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता

निरीक्षण के अंत में आईजी ने जिले में शांति, सुरक्षा और बेहतर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ जनता का भरोसा बनाए रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

 

रिपोर्ट – कमलाकर तायवाड़े

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...