भारत और श्रीलंका के बीच समुद्री संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक नई पहल की जा रही है। दोनों देशों के बीच तमिलनाडु के रामेश्वरम से श्रीलंका के तलाईमन्नार के बीच नई फेरी सेवा शुरू करने पर चर्चा चल रही है। इस प्रस्ताव पर मुंबई में आयोजित इंडिया मैरीटाइम वीक 2025 के दौरान भारतीय पोत, बंदरगाह और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल और श्रीलंका के पोत, बंदरगाह और जलमार्ग मंत्री अनुरा करुनातिलके के बीच बातचीत हुई।
वर्तमान में भारत और श्रीलंका के बीच तमिलनाडु के नागपट्टिनम से श्रीलंका के कांकेसंथुराई तक फेरी सेवा संचालित होती है। अब रामेश्वरम से तलाईमन्नार के बीच फेरी शुरू होने से दोनों देशों के बीच लोगों और व्यापारिक आवागमन में और आसानी होगी। मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि दोनों देशों के बीच मौजूदा समुद्री संपर्क के अलावा नए मार्गों पर फेरी सेवाएं शुरू करने की संभावनाओं पर विचार किया जा रहा है।
इंडिया मैरीटाइम वीक 2025 के दौरान केंद्रीय मंत्री सोनोवाल ने कहा कि समुद्री क्षेत्र विकसित भारत के मजबूत स्तंभों में से एक है। इस बार के आयोजन में 85 से अधिक देशों ने हिस्सा लिया, जो भारत की बढ़ती वैश्विक समुद्री शक्ति का प्रमाण है।
कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत के समुद्री क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार हुए हैं, जिनसे भारत अब वैश्विक समुद्री नक्शे पर एक उभरती ताकत बन चुका है। शाह ने कहा कि भारत की समुद्री स्थिति, लोकतांत्रिक स्थिरता और नौसैन्य क्षमता हिंद-प्रशांत क्षेत्र में विकास, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण में अहम भूमिका निभा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अब एक नया समुद्री इतिहास लिख रहा है।






