मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संतों की वाणी और उनके विचार आज भी समाज को सकारात्मक, समरस और मानवीय दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री रविवार को इंदौर प्रवास के दौरान संत रविदास जयंती के अवसर पर नगर निगम के झोन कार्यालय क्रमांक-1 में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने संत रविदास महाराज के चित्र पर माल्यार्पण कर विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की और उनके सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश को स्मरण किया।
स्वच्छता दीदियों का सम्मान, इंदौर की स्वच्छता पर गर्व
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्वच्छता अभियान से जुड़ी ‘स्वच्छता दीदियों’ का पुष्पहार से स्वागत कर सम्मान किया और उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि इंदौर की स्वच्छता पहचान पूरे देश के लिए प्रेरणास्रोत है और इस उपलब्धि में स्वच्छता कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उनके सतत प्रयासों से शहर ने स्वच्छता के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है।

समरस और जागरूक समाज के निर्माण का आह्वान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे संत रविदास जी के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करें और स्वच्छ, समरस तथा जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि संतों के संदेश केवल स्मरण के लिए नहीं, बल्कि आचरण में उतारने के लिए हैं।
गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक गोलू शुक्ला, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह, कलेक्टर शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।






