मध्य प्रदेश में आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक होगी। यह बैठक सुबह 11 बजे मंत्रालय में आयोजित होगी, जिसमें नगरीय विकास आवास विभाग, PWD, और ग्रामीण विकास विभाग के प्रस्तावों पर चर्चा और संभावित मंजूरी दी जा सकती है। कैबिनेट के इस सत्र में विभिन्न विकास योजनाओं को लेकर अहम निर्णय लिए जाने की संभावना है।
उपचुनाव में तेज हुआ प्रचार-प्रसार अभियान
बुधनी और विजयपुर में होने वाले उपचुनाव के मद्देनजर दिवाली के बाद से राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। आगामी 13 नवंबर को मतदान के लिए कांग्रेस ने अपने प्रचार अभियान को जोर-शोर से शुरू कर दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट 9 और 10 नवंबर को बुधनी और विजयपुर में प्रचार करेंगे, जबकि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार 6, 7 और 8 नवंबर को जनसभाएं करेंगे। इसके अलावा, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह आज से ही चुनाव प्रचार में जुट जाएंगे। हालाँकि, स्वास्थ्य कारणों से कमलनाथ का दौरा रद्द कर दिया गया है।
भाजपा का व्यापक प्रचार अभियान
दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी ने भी जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को ध्यान में रखते हुए अपने मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा उपचुनाव वाली सीटों पर लगातार दौरे करेंगे और कार्यकर्ता सम्मेलन में भाग लेंगे। बीजेपी का फोकस बुधनी में अधिक रहेगा, जहां पार्टी के बड़े नेताओं की सभाएं भी आयोजित की जाएंगी।