मेरठ : आईपीएल के सटोरियों पर शिकंजा कसने में जुटी जिले की पुलिस ने देर रात एक बार फिर बड़ी कार्यवाही की है।
मेडिकल पुलिस ने अजंता कॉलोनी में छापा मारकर आईपीएल पर सट्टा लगवा रहे दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से भारी मात्रा में मोबाईल, लैपटॉप और प्लास्टिक मनी बरामद की गई है।
थाना प्रभारी मेडिकल देवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने एक सूचना पर कार्रवाई करते हुए सोमवार की देर रात अजंता कॉलोनी स्थित अन्नू शर्मा के मकान में छापा मारा।
इस दौरान पुलिस ने एक कमरे में आईपीएल पर सट्टा लगवा रहे अन्नू शर्मा और उसके साथी मयूर विहार फेस सेकंड निवासी पंकज मेहंदी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल, एक लैपटॉप, रजिस्टर और भारी मात्रा में प्लास्टिक मनी बरामद की गई। पूछताछ के दौरान जानकारी मिली यह दोनों आरोपी दिल्ली और मुंबई से बुकिंग लेकर मेरठ में आईपीएल का सट्टा करा रहे थे।
थाना प्रभारी मेडिकल के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उन्हें जेल भेजा जा रहा है। इसी के साथ उनके अन्य साथियों के विषय में जानकारी जुटाई जा रही है।