मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में गोमती पुस्तक महोत्सव का उद्घाटन किया, जो 17 नवंबर तक चलेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आधुनिक डिजिटल युग में किताबों की महत्ता पर जोर दिया और कहा कि हम स्मार्टफोन में कैद होकर रह गए हैं। उन्होंने कहा कि पहले मनुष्य टेक्नोलॉजी का उपयोग करता था, लेकिन अब ऐसा लगता है कि टेक्नोलॉजी हमारा उपयोग कर रही है, जिससे हमें सतर्क रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी ने चिंता जताई कि आज का युवा औसतन 24 में से 6 घंटे मोबाइल पर बिता रहा है। उन्होंने लेखकों को कालजयी रचनाओं के लिए प्रोत्साहित करने का आह्वान किया और कहा कि पाठ्यक्रम के साथ-साथ बच्चों को ऐसी पुस्तकें पढ़नी चाहिए, जो उनके भीतर संवेदनाएं जागृत करें।
साथ ही, उन्होंने शिक्षकों और स्कूल संचालकों से आग्रह किया कि वे पुस्तक मेले में शामिल होकर बच्चों को ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक पुस्तकें भेंट करें। मुख्यमंत्री ने समाज की घटनाओं को संजोने और अगली पीढ़ी को प्रेरित करने के लिए कालजयी लेखकों की रचनाओं के संरक्षण पर भी बल दिया।
गोमती पुस्तक महोत्सव के तृतीय संस्करण का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की महान साहित्यिक परंपरा का उल्लेख किया। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि और तुलसीदास जैसे कवियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ‘रामचरितमानस’ जैसे महाकाव्य उत्तर प्रदेश की पहचान हैं और आज भी घर-घर में गाए जाते हैं। मुख्यमंत्री ने श्रीमद्भागवत गीता का उदाहरण देते हुए बताया कि युद्धभूमि में भी ज्ञान की उत्कृष्ट कृति रची गई थी, जो हमारी महान परंपरा का हिस्सा है।
योगी आदित्यनाथ ने नेशनल बुक ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए सुझाव दिया कि उत्तर प्रदेश के सभी 18 मंडलों में ऐसे पुस्तक मेलों का आयोजन होना चाहिए ताकि समाज के हर वर्ग को इससे लाभ पहुंचे और लोगों में किताबों के प्रति रुचि बढ़े। उन्होंने इस डिजिटल युग में किताबों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि हमें डिजिटल डिवाइस पर समय कम कर पुस्तकों के अध्ययन पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि पुस्तकें हमारी सोच का विस्तार करती हैं और समाज के प्रति जागरूक बनाती हैं।
मुख्यमंत्री ने इस महोत्सव में उपस्थित लेखकों, समाजसेवियों और पुस्तक प्रेमियों को संबोधित करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को भी इस दिशा में प्रेरित करना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने पुस्तक मेले के विभिन्न स्टॉलों पर जाकर पुस्तकों का अवलोकन किया और इस आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी।