कानपुर नगर में पुलिस लगातार अपराधियों को लेकर सख्ती से कदम उठाकर उनकी धरपकड़ कर रही है। इसी क्रम में बुधवार देर रात थाना अर्मापुर के अंतर्गत थाना अर्मापुर और थाना नजीराबाद पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से कार्यवाही करते हुए मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान अमित सिंह पुत्र गेंदा सिंह निवासी सीटीएस और कुंदन सिंह पुत्र चंदन सिंह निवासी सीटीएस के रूप में हुई है। दोनों बदमाशों पर कानपुर नगर के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस मुठभेड़ में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने दोनों को मेडिकल के लिए अस्पताल भेज दिया। इस दौरान घटनास्थल एसओ नजीराबाद ज्ञान सिंह, एसओ अर्मापुर अजीत कुमार वर्मा, फोरेंसिक टीम समेत पुलिस के कई जवान मौजूद रहे।
पुलिस को देख भागे और की फायरिंग
क्षेत्राधिकारी गीतांजलि सिंह ने बताया कि मरियमपुर चौराहे पर शाम को थाना नजीराबाद द्वारा चेकिंग लगाई गई थी। तभी एक अपाचे बाइक से 2 लोग कल्याणपुर की तरफ से चले आ रहे थे, जब उन्हें रोकने का प्रयास किया गया तो वो पुलिस को धक्का देकर भागने लगे। जिसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया तो वो अर्मापुर स्टेट की ओर चले गए और पुलिस पर फायरिंग करने लगे। जिसके बाद जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
लूट की चैन और दो देशी कट्टे बरामद
क्षेत्राधिकारी गीतांजलि सिंह ने बताया कि दोनों अपराधियों के पास से पुलिस को दो अवैध देशी कट्टे, लूट की चैन समेत एक काली अपाचे बाइक भी बरामद हुई है। वहीं क्षेत्राधिकारी ने बताया कि अमित पर 16 और कुंदन पर 8 मुकदमे दर्ज है। अब इनकी जांच की जा रही है और इसके बाद कार्यवाही की जाएगी।