1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. पत्रकार की हत्या: पत्नी ने दी जिलाधिकारी को चेतावनी, पढ़े

पत्रकार की हत्या: पत्नी ने दी जिलाधिकारी को चेतावनी, पढ़े

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
पत्रकार की हत्या: पत्नी ने दी जिलाधिकारी को चेतावनी, पढ़े

जनपद बलरामपुर में पत्रकार राकेश सिंह निर्भीक तथा उनके साथी पिंटू साहू की जिंदा जलाकर हत्या के मामले में पत्रकार की पत्नी विभा सिंह ने दो दिन के अंदर सभी मुजरिमो की गिरफ्तारी न होने पर अपनी दो बेटियों के साथ कलेक्ट्रेट जिलाधिकारी कार्यालय पर आत्मदाह करने की चेतावनी दी है।

उनकी चेतावनी पर सदर विधायक पलटू राम ने पत्रकार की पत्नी को दो दिन के अंदर आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है। विधायक के आश्वासन के बाद पत्रकार का शव श्मशान घाट के लिए भारी सुरक्षा के बीच रवाना हुआ। इस दौरान विधायक ने कहा कि विभा सिंह को नौकरी तथा बेटियों को आर्थिक सहायता भी दिलाई जाएगी।

पत्रकार व उसके दोस्त को जिंदा जलाया

बता दें कि थाना कोतवाली बलरामपुर देहात के ग्राम कलवारी में राकेश सिंह निर्भीक पत्रकार अपनी पत्नी व दो बेटियों के साथ रहते थे। शुक्रवार रात पत्रकार राकेश अपने मित्र पिंटू साहू निवासी ग्राम विशुनीपुर के साथ अपने घर में थे। उनकी पत्नी अपनी नन्द के घर गयी हुई थी।

शुक्रवार मध्यरात्रि अचानक कमरे में आग लग गई। आग में पिंटू साहू की मौके पर ही मौत हो गई थी। पुलिस गंभीर रूप से झुलसे पत्रकार राकेश को इलाज के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय ले गई। हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया। पुलिस ने उसे लखनऊ स्थित सिविल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान राकेश ने दम तोड़ दिया।

दो दिन में खुलासा न होने पर बच्चों सहित आत्मदाह की चेतावनी

पत्रकार राकेश निर्भीक का शव पोस्टमार्टम के बाद घर पहुँचा तो अंतिम संस्कार से पहले उसकी पत्नी ने दो दिन में मामले का खुलासा न होने पर कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी कार्यालय पर सामूहिक आत्महत्या करने की चेतावनी दी है।

उन्होंने पुलिस पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि उनको पुलिस पर रत्ती भर भी यकीन नही है। जिसके बाद क्षेत्रीय विधायक के आश्वाशन पर कड़ी सुरक्षा के बीच उनके पार्थिव शरीर को शमशान घाट ले जाया गया।

बड़ी खबर लिखने पर जलाया

बताया जा रहा है कि इस दौरान राकेश अस्पताल में चीख-चीखकर कह रहा था कि वह एक बड़ी खबर लिख रहा था। इसी वजह से पंच व प्रधान आदि लोगों ने उसे जिंदा जला दिया। हालांकि उसने अपने बयान में किसी का नाम नहीं लिया है।

एसपी ने कहा

एसपी बलरामपुर देवरंजन वर्मा ने बताया कि कलवारी गांव निवासी पत्रकार राकेश सिंह निर्भीक व उनके साथी पिंटू साहू की कमरे में जलने से मौत हुई है। पूरे मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इन तीनों में एक वर्तमान और एक पूर्व प्रधान शामिल हैं। शीघ्र ही घटना के कारणों का खुलासा कर दिया जाएगा।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...