सागरः कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सागर मंडी बंद होने पर कलेक्टर को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि सागर की अनाज मंडी तीन-चार दिन से बंद पड़ी है, किसान चिलचिलाती धूप में मंडी खुलने का इंतजार कर रहे हैं और कलेक्टर साहब को पता ही नहीं। हालात इतने खराब हैं कि आप ध्यान ही नहीं दे रहे हैं। प्रशासन क्या कर रहा है? जीतू पटवारी ने कलेक्टर के खुद मंडी में पहुंचकर चालू करने की बात कही।
दरअसल सागर किसान मंडी बंद होने के चलते किसान मंडी खुलने का इंतजार कर रहे थे। तभी सैकड़ों किसान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को लेकर मंडी पहुंच गए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि 16 डिग्री के AC कमरे में बैठने वाले मुख्यमंत्री जी को 40 डिग्री की चिलचिलाती धूप में पसीना बहाते किसान नज़र नहीं आते। लेकिन हम हर गाँव, हर मंडी जाकर किसानों की समस्याएं मोहन यादव जी को सुनाएँगे।